मुंबई के जुहू इलाके में हुए एक सड़क हादसे में अभिनेता अक्षय कुमार के काफिले की गाड़ियों से एक ऑटो रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो चालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ऑटो ड्राइवर के भाई मोहम्मद समीर ने अब इलाज और नुकसान की भरपाई के लिए मदद की अपील की है।
यह हादसा 19 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे जुहू के मुक्तेश्वर रोड पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, काफिले में शामिल एक मर्सिडीज ने आगे चल रही इनोवा को टक्कर मारी, जिसके बाद इनोवा अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ऑटो रिक्शा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दब गए।
घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ऑटो चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है। ड्राइवर के भाई समीर ने एएनआई से बातचीत में कहा कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने मांग की कि उनके भाई का सही इलाज कराया जाए और टूटे ऑटो रिक्शा का मुआवजा दिया जाए।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मर्सिडीज के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। जांच जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एक दूसरी गाड़ी में सवार थे।
फिलहाल इस मामले पर अक्षय कुमार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जबकि सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।





