कोरबा छत्तीसगढ़

असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण, पुलिस ने शुरू की बाइक पेट्रोलिंग

कोरबा (विश्व परिवार)। शहर में बढ़ती मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने बाइक पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत रविवार देर शाम मानिकपुर चैकी क्षेत्र में पुलिस ने प्री-वेडिंग शूट कर रहे एक दूल्हा-दुल्हन को रोककर पूछताछ की और चैकी ले गई।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर चैकी अंतर्गत हेलीपैड मैदान में कुछ युवक कार से पहुंचे थे और आग जलाकर प्री-वेडिंग शूट किया जा रहा था। इसी दौरान बाइक पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गतिविधि को संदिग्ध मानते हुए सभी को रोक लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने होने वाले दूल्हा-दुल्हन को मानिकपुर चैकी ले जाकर आगे की कार्रवाई की।
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर 25 जनवरी से जिले में बाइक पेट्रोलिंग शुरू की गई है। रविवार को छह बाइक पर सवार पुलिस टीम ने शहर में गश्त की, जिसका नेतृत्व खुद कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी कर रहे थे। पेट्रोलिंग टीम घंटाघर स्थित टी-बार भी पहुंची, जहां हाल ही में मारपीट की घटना हुई थी। यहां दुकानदारों और युवकों से पूछताछ कर शांति बनाए रखने की समझाइश दी गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले छह बाइक चालकों पर कार्रवाई की गई।
यह पेट्रोलिंग सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चैकी, कोतवाली थाना और सीएसईबी चैकी क्षेत्र में की गई। पुलिस को देखकर कई युवक मौके से फरार हो गए।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बाइक पेट्रोलिंग आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चैक-चैराहों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है वहीं दुकानदारों को समय पर दुकानें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts