राजनांदगांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर तीन दिनों की हड़ताल पर बैठ गई हैं। कलेक्ट्रेट के सामने फ्लायओवर के नीचे हो रहे इस प्रदर्शन में महिलाओं ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर कई बार आंदोलन कर चुकी हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी आवाज़ अनसुनी कर रही है। वेतनमान बढ़ाने, मजदूर का दर्जा देने और अतिरिक्त कार्यभार कम करने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनसे लगातार अतिरिक्त काम लिया जा रहा है, एसआईआर के कार्यों में भी उन्हें ड्यूटी पर लगाया जाता है, फिर भी उनका वेतन और सुविधाएं बढ़ाई नहीं जातीं। देशभर में 10 दिनों की हड़ताल के बीच छत्तीसगढ़ में फिलहाल तीन दिवसीय धरना जारी है, जिसे आगे और तेज करने की तैयारी है।





