आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिला में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) की पाइपलाइन में बड़े पैमाने पर गैस रिसाव के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर आसपास के कई गांवों को खाली करा लिया गया। आग की चपेट में आकर सैकड़ों नारियल के पेड़ जल गए हैं।
यह घटना मलिकिपुरम मंडल के इरुसमांडा इलाके के पास हुई, जहां पाइपलाइन से गैस अचानक लीक होने लगी। कुछ ही पलों में गैस ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैलने लगीं। धुएं के कारण आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ONGC अधिकारियों को दी, जिसके बाद कंपनी और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय ONGC के एक कुएं पर तकनीकी मरम्मत का काम चल रहा था। मरम्मत से पहले उत्पादन अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद गैस और कच्चा तेल तेज दबाव के साथ बाहर निकलने लगे और आग भड़क उठी। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
गैस रिसाव और आग की वजह से पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और हवा में गैस की तीखी गंध फैल गई। प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क करते हुए बिजली के स्विच बंद रखने, गैस सिलेंडर का उपयोग न करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। फिलहाल आग पर काबू पाने और गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने की कोशिशें जारी हैं।





