विदेश

ईरान को लेकर ट्रंप की कड़ी चेतावनी, हत्या की कोशिश पर ‘पूरी तरह खत्म’ करने का दावा

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अब तक की सबसे तीखी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि तेहरान की ओर से उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोई कोशिश की गई, तो ईरान का अस्तित्व समाप्त कर दिया जाएगा। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही बेहद सख्त निर्देश दे दिए हैं और किसी भी हमले की स्थिति में निर्णायक कार्रवाई होगी।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान के भीतर चल रहे व्यापक विरोध प्रदर्शनों को लेकर तेहरान और वॉशिंगटन के बीच जुबानी जंग तेज है। ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शनकारियों के समर्थन में खुलकर बयान दिए थे और कहा था कि यदि अधिकारी लोगों पर हिंसा करती है, तो अमेरिका जवाबी कदम उठा सकता है। इसके जवाब में ईरान ने चेताया था कि यदि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई पर हमला हुआ, तो उसे पूर्ण युद्ध की घोषणा माना जाएगा।

तनाव के बीच ईरानी सेना के प्रवक्ता जनरल अबोलफजर शेकरची ने भी सख्त बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि यदि ईरान के नेतृत्व पर हमला हुआ, तो उसका जवाब बेहद कठोर होगा। यह प्रतिक्रिया ट्रंप के उस बयान के बाद आई थी, जिसमें उन्होंने ईरान में नेतृत्व परिवर्तन की बात कही थी।

गौरतलब है कि पिछले साल के अंत से ईरान में महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ शुरू हुए प्रदर्शन बाद में सत्ता विरोधी आंदोलन में बदल गए। ईरानी में अधिकारियों ने इन प्रदर्शनों के पीछे विदेशी साजिश का आरोप लगाया, जबकि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के अनुसार दमन के दौरान हजारों लोगों की जान गई है। इंटरनेट बंद होने के कारण वास्तविक आंकड़ों की पुष्टि मुश्किल है, लेकिन खामेनेई ने भी पहली बार बड़े पैमाने पर मौतों को स्वीकार किया है और इसके लिए अमेरिका के हस्तक्षेप को जिम्मेदार ठहराया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts