कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन पखनार के साप्ताहिक बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वह अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि दोनों वाहन एक ही दिशा में चल रहे थे और ब्रेक फेल होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। दुर्घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लंबा जाम लग गया है, जिसे हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।





