छत्तीसगढ़

किरंदुल खनन क्षेत्र का कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण

सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को लेकर एनएमडीसी को सख्त निर्देश |

नितेश मार्क——-
दंतेवाड़ा, 22 जनवरी 2026। जिले के सबसे महत्वपूर्ण लौह अयस्क खनन क्षेत्र किरंदुल में आज कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा सघन और व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य खनन गतिविधियों को पूर्णतः सुरक्षित, पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप तथा क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से जिम्मेदार बनाना रहा।
कलेक्टर ने डिपॉजिट 14, 13 एवं 11 (सी-11 बी) क्षेत्रों का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए क्रशिंग प्लांट, वेस्ट मटेरियल डंपिंग स्थल एवं आयरन ओर लोडिंग प्लांट का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन से खनन प्रक्रिया, तकनीकी संचालन, सुरक्षा उपायों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ध्रुव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खनन कार्यों में श्रमिक सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने दुर्घटना रोकथाम, आपात स्थिति से निपटने तथा संभावित आपदाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस, व्यावहारिक और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर जिला प्रशासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि खनन गतिविधियों का संचालन पर्यावरणीय नियमों, वन संरक्षण मानकों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के अनुरूप किया जाए। खनन से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास, हरित विकास एवं स्थानीय समुदायों के कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से खदानों एवं पट्टों की स्थिति, खनन प्रक्रियाएं, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल, सीएसआर अंतर्गत संचालित विकास कार्यों तथा अब तक प्राप्त पुरस्कार एवं सम्मानों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ रंगानाधा रामाकृष्णा वाय सहित एनएमडीसी प्रबंधन, वन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts