देश के करोड़ों किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस बार कुछ किसानों के खातों में 2,000 रुपये नहीं बल्कि सीधे 4,000 रुपये आने की संभावना है, जिससे उनकी राहत दोगुनी हो सकती है।
दरअसल, योजना के तहत हर साल किसानों को 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में दी जाती है। लेकिन जिन किसानों की 21वीं किस्त किसी तकनीकी वजह, दस्तावेज़ सत्यापन या अन्य कारणों से अटक गई थी, उन्हें बकाया रकम अगली किस्त के साथ जोड़कर दी जाएगी। ऐसे किसानों को 22वीं किस्त में कुल 4,000 रुपये मिलने की उम्मीद है।
बजट 2026 से भी बढ़ी उम्मीदें
1 फरवरी 2026 को पेश होने वाले केंद्रीय बजट पर भी किसानों की नजरें टिकी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार पीएम किसान योजना के बजट में बढ़ोतरी कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो आगे चलकर सभी किसानों की किस्त राशि बढ़ सकती है।
इन वजहों से अटक सकती है आपकी किस्त
सरकार ने साफ किया है कि कुछ जरूरी शर्तें पूरी न होने पर 22वीं किस्त रोकी जा सकती है।
ई-केवाईसी अधूरी होना
बैंक खाते का आधार से लिंक न होना
गलत बैंक अकाउंट नंबर या IFSC कोड
इनमें से कोई भी जानकारी गलत या अधूरी होने पर पैसा खाते में नहीं पहुंचेगा।
कब जारी हो सकती है 22वीं किस्त?
अब तक के पैटर्न को देखें तो पीएम किसान की किस्तें करीब चार महीने के अंतराल पर जारी होती हैं। ऐसे में अनुमान है कि फरवरी 2026 में बजट सत्र के आसपास 22वीं किस्त जारी की जा सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
ऐसे करें स्टेटस चेक
किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Beneficiary Status’ विकल्प के जरिए अपनी किस्त का स्टेटस देख सकते हैं। यहां से यह भी पता चल जाएगा कि ई-केवाईसी और बैंक से जुड़ी जानकारी सही है या नहीं।




