रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंद इलाके में एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह रूम हीटर से शॉर्ट सर्किट या उससे जुड़ा कारण मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना आज सुबह की है, मृतक राजकुमार गुप्ता घर में अकेले थे। उनका बेटा सुबह घरेलू सामान लेने बाहर गया था और दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया था। इसी दौरान घर में अचानक आग भड़क उठी। बुजुर्ग ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन बाहर से ताला लगे होने के कारण पड़ोसी चाहकर भी अंदर नहीं पहुंच सके। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया। हालांकि दमकल की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची और आग पर काबू पाया। देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।
वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों में हीटर के अधिक उपयोग के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।





