भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाते हुए 15 सदस्यीय टीम चुनी गई है। भारत इस टूर्नामेंट का डिफेंडिंग चैंपियन है, जिसने पिछले संस्करण में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था।
शुभमन गिल बाहर, अक्षर बने उपकप्तान
टीम चयन में बड़ा फैसला लेते हुए शुभमन गिल को टीम से बाहर कर दिया गया है। एशिया कप के बाद उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उनकी जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा जितेश शर्मा को ड्रॉप किया गया है, जबकि ईशान किशन की लंबे समय बाद वापसी हुई है। ईशान हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में नजर आए थे।
ऑलराउंड और गेंदबाजी पर भरोसा
टीम में चार ऑलराउंडरों को जगह दी गई है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह को शामिल किया गया है। ऑलराउंड भूमिका में हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर टीम की मजबूती बढ़ाएंगे।
स्पिन विभाग की जिम्मेदारी कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के पास होगी, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व जसप्रीत बुमराह करेंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को भी मौका मिला है।
भारत का ग्रुप और मुकाबले
भारतीय टीम ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ है। भारत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा, इसके बाद नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स से भिड़ेगा।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान)
अभिषेक शर्मा
तिलक वर्मा
संजू सैमसन (विकेटकीपर)
ईशान किशन (विकेटकीपर)
शिवम दुबे
रिंकू सिंह
हार्दिक पंड्या
वॉशिंगटन सुंदर
अक्षर पटेल (उपकप्तान)
जसप्रीत बुमराह
हर्षित राणा
अर्शदीप सिंह
कुलदीप यादव
वरुण चक्रवर्ती





