मुंगेली (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत गंगद्वारी गांव में शनिवार तडक़े एक अधेड़ व्यक्ति की उसके ही घर में घुसकर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान आजुराम लोधी (52 वर्ष), पिता कलीराम लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आजुराम अपने घर में सो रहा था, तभी रात करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह होते ही जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पथरिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने सगे भाई दुखितराम लोधी से जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या परिवार के किसी सदस्य ने की है या फिर किसी बाहरी व्यक्ति का इसमें हाथ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।





