Home  बिलासपुर बिलासपुर में अभी से ऐसी गर्मी… पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस, फरवरी में...

बिलासपुर में अभी से ऐसी गर्मी… पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस, फरवरी में बन सकता है नया रिकार्ड

62
0

बिलासपुर (विश्व परिवार)। फरवरी मास अभी खत्म नहीं हुआ है। प्रचंड गर्मी का अहसास शुरू हो चुका है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। वहीं रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। गर्मी के कारण लोग हलकान नजर आए। घरों में पंखा, कूलर और एसी चालू हो गया है। न्यायधानी में अभी से प्रचंड गर्मी की आहट शुरू हो गई है। अमूमन हर साल अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। पिछले साल 22 व 23 फरवरी को दिन का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

ऐसे में मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि यदि मौसम का रूख ऐसे ही रहा तो इस साल नया रिकार्ड बनेगा। इधर मंगलवार को दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। सुबह आसमान में काले घने बादल नजर आए। ऐसा लगा जैसे वर्षा होगी। दिन चढ़ने के साथ बादल छंटते गए। शाम को उमस भी महसूस हुई। मौसम विभाग की मानें तो एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में 3.1 किमी ऊंचाई पर उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास, 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर द्रोणिका के साथ 30 डिग्री उत्तर और 67 डिग्री पूर्व में स्थित है। बंगाल की खाड़ी से नमी का आ रही है। इसके कारण प्रदेश के कुछ जिलों में हल्के बादल, मध्य स्तर पर बना हुआ है।

आज शुष्क रहेगा मौसम

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में बुधवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही कुछ जिलों में हल्के बादल रहने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

24 से फिर बादल छाएंगे

मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 24 फरवरी से फिर बादल नजर आएंगे, जो अगले तीन से चार दिनों तक आसमान में मंडराएंगे। बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है। रात में गर्मी बढ़ेगी। वर्षा की संभावना कम है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

बिलासपुर 34.2 21.6

पेंड्रारोड 33.2 18.4

अंबिकापुर 31 16.5

माना 34.3 20.2

जगदलपुर 33.3 20.2

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here