सिंगर नेहा कक्कड़ ने हाल ही में सोशल मीडिया पर काम और निजी रिश्तों से ब्रेक लेने को लेकर एक पोस्ट साझा की थी, जिसे बाद में उन्होंने हटा लिया। इस पोस्ट के डिलीट होते ही उनके और पति रोहनप्रीत सिंह के तलाक को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
लगातार फैल रही चर्चाओं के बीच नेहा ने एक नया क्रिप्टिक पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी। इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके पति और परिवार को इन अफवाहों से दूर रखा जाए। नेहा ने लिखा कि उनके पति और परिवार बेहद अच्छे और सच्चे लोग हैं और आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें उनके सहयोग की अहम भूमिका है।
नेहा ने यह भी साफ किया कि उन्हें कुछ लोगों और सिस्टम से शिकायत हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनके परिवार को निशाना बनाया जाए। साथ ही उन्होंने माना कि भावनाओं में आकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना उनकी गलती थी, क्योंकि लोग छोटी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने लगते हैं।
अपने संदेश के अंत में नेहा ने कहा कि आगे से वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ साझा नहीं करेंगी। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही नए जोश और ऊर्जा के साथ वापसी करेंगी।
गौरतलब है कि नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह की शादी साल 2020 में हुई थी। नेहा ने अब तक कई सुपरहिट गाने दिए हैं और वे म्यूजिक रियलिटी शोज में जज के रूप में भी नजर आ चुकी हैं। फिलहाल उनके फैंस उनकी दमदार वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।





