अमेरिकी टेक दिग्गज गूगल ने भारत में अपनी सबसे बड़ी निवेश की घोषणा कर दी है. कंपनी ने मंगलवार को बताया कि अगले पांच सालों में भारत में 15 अरब डॉलर यानी करीब 1,26,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा.
यह निवेश आंध्र प्रदेश में एक विशाल डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हब बनाने के लिए होगा. यह गूगल का अमेरिका के बाहर सबसे बड़ा एआई हब बनेगा, जो भारत को वैश्विक टेक मैप पर और मजबूत करेगा.
डेटा सेंटर कैंपस बनाने पर फोकस
गूगल विशाखापत्तनम में 1 गीगावाट कैपेसिटी वाला डेटा सेंटर कैंपस बनाएगी. इसमें एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, बड़े पैमाने पर एनर्जी सोर्स और एक्सपैंड फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क शामिल होगा. यह कैंपस एआई सर्विसेस की तेजी से बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है. गूगल का यह कदम बड़े टेक कंपनियों के बीच बढ़ती होड़ का हिस्सा है. गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी कंपनियां एआई और क्लाउड सेवाओं के लिए नए डेटा सेंटरों पर भारी खर्च कर रही हैं. भारत में स्मार्टफोन यूजर्स और डिजिटल इस्तेमाल की तेज ग्रोथ से ऐसी सुविधाओं की जरूरत बढ़ गई है.





