विदेश

मेक्सिको संसद में शर्मनाक झड़प: सुधारों की बहस में सांसदों ने एक-दूसरे के बाल खींचे

मेक्सिको की संसद में उस समय भारी हंगामा मच गया, जब एक अहम बहस के दौरान सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हाथापाई में बदल गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ सांसद, खासकर महिला सांसद, एक-दूसरे के बाल खींचते और चिल्लाते हुए नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह विवाद मेक्सिको सिटी की ट्रांसपेरेंसी ओवरसाइट एजेंसी में सुधार से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान हुआ। बहस के बीच पोडियम पर कब्जे को लेकर टकराव शुरू हुआ, जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गया। वीडियो में साफ दिखता है कि सांसद पोडियम पर जगह बनाने के लिए एक-दूसरे को धक्का दे रहे हैं और कुछ महिलाएं आपस में उलझ जाती हैं, जबकि अन्य सदस्य बीच-बचाव की कोशिश करते रहे।

इस झड़प के पीछे सत्ताधारी लेफ्ट-विंग मोरेनो पार्टी और विपक्षी राइट-विंग नेशनल एक्शन पार्टी के बीच टकराव बताया जा रहा है। विपक्षी सांसद पोडियम पर डटे रहे, जबकि सत्ताधारी दल के सदस्यों ने उन्हें हटाने की कोशिश की, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

घटना के बाद दोनों दलों ने हिंसा की निंदा तो की, लेकिन एक-दूसरे को दोषी ठहराया। नेशनल एक्शन पार्टी के नेता एंड्रेस अताडे ने दावा किया कि वे शांतिपूर्वक पोडियम तक पहुंचे थे, लेकिन सत्ताधारी दल के सांसदों ने हाथापाई शुरू की। वहीं, विपक्षी नेता डेनिएला अल्वारेज ने इस घटना को “शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ” बताया।

महिला सांसदों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल संसदीय नियमों का उल्लंघन कर रहा था, इसलिए उन्होंने पोडियम पर चढ़कर कार्यवाही रोकने की कोशिश की। दूसरी ओर, सत्ताधारी दल ने विपक्ष पर बहस के बजाय हिंसा का सहारा लेने का आरोप लगाया।

यह घटना लाइव प्रसारण में दिखी, जिसके बाद देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। संसद अध्यक्ष ने बयान जारी कर कहा कि ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि मेक्सिको संसद में यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप के मुद्दे पर बहस के दौरान सांसदों के बीच हाथापाई हो चुकी है, जिसने देश की राजनीति में तीखी बहस को जन्म दिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts