सघन जांच में सुरक्षा मानकों की पोल खुली, 20 हजार का जुर्माना, बिना परमिट बस जब्त |
नितेश मार्क——
दंतेवाड़ा, 22 जनवरी 2026।
जिले में यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था पर सख्ती शुरू कर दी है।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के स्पष्ट निर्देश पर यातायात पुलिस एवं क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा दंतेवाड़ा जिले में यात्री बसों की सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहनता से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता व कार्यशीलता, इमरजेंसी विंडो, आपातकालीन दरवाजे, सीटों की स्थिति, लाइटिंग, साफ-सफाई तथा अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। कई बसों में कमियां पाए जाने पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबी दूरी की बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए दो चालकों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि थकानजनित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही बसों की नियमित सफाई, समय-समय पर तकनीकी जांच और सभी वैध दस्तावेजों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन बसों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, वहीं बिना परमिट संचालित एक बस को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
आरटीओ विभाग ने सभी बस ऑपरेटरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्त पहल से जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।





