Home भोपाल लोकसभा के रण में दिग्गजों की अग्नि परीक्षा, महाराज-शिवराज और राजा की...

लोकसभा के रण में दिग्गजों की अग्नि परीक्षा, महाराज-शिवराज और राजा की किस्मत EVM में होगी कैद, किसकी बचेगी साख ?

29
0

भोपाल(विश्व परिवार)- मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कल मतदान होना है। प्रदेश की 9 लोकसभा सीट पर वोटिंग होगी। इनमें तीन हाईप्रोफाइल सीटों  पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। जहां पर ज्योतिरादित्य सिंधिया , शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर है। कल इन दिग्गजों की किस्मत ईवीएम मशीन में कैद हो जाएगी।

एमपी में लोकसभा चुनाव के तीसरे फेस में गुना, विदिशा, राजगढ़, भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, सागर और बैतूल सीट पर वोटिंग होगी। इन 9 सीटों पर कुल 127 उम्मीदवार मैदान में है। सबसे अधिक भोपाल में 22 तो वहीं सबसे कम भिंड में 7 उम्मीदवार है। जबकि ग्वालियर में 19, राजगढ़ में 15, गुना में 15, मुरैना में 15, विदिशा में 13, सागर में 13 और बैतूल में 8 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

हाईप्रोफाइल सीट

प्रदेश में कल होने वाले मतदान में तीन हाईप्रोफाइल सीट भी शामिल है। इनमें गुना, विदिशा और राजगढ़ संसदीय क्षेत्र शामिल हैं। इन तीनों सीटों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। क्यों कि इन सीटों पर केंद्रीय मंत्री ज्योरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर हैं।

गुना लोकसभा सीट

प्रदेश की सबसे हॉट गुना लोकसभा सीट (Guna Lok Sabha Seat) को सिंधिया परिवार का गढ़ माना जाता है। भारतीय जनता पार्टी ने यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट से ज्योतिरादित्य की दादी और पिता सांसद रह चुके हैं। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस सीट से चार बार सांसद चुने गए हैं।

साल 2019 में हुए आम चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर इस सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार राव यादवेंद्र सिंह यादव से होगा।

विदिशा लोकसभा सीट

एमपी की दूसरी सबसे हॉट सीट विदिशा  को माना जा रहा है। विदिशा संसदीय सीट पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का गढ़ मानी जाती है। यहां से शिवराज सिंह एक बार फिर से चुनावी मैदान में हैं। इससे पहले वह 1991 से 2004 तक 5 बार सांसद चुके हैं। साढ़े 16 साल तक मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री पद संभालने वाले शिवराज सिंह 6वीं बार विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस कैंडिडेट प्रताप भानु शर्मा (Pratap Bhanu Sharma) से होगा।

राजगढ़ लोकसभा सीट

राज्य की तीसरी सबसे हॉट सीट राजगढ़ संसदीय सीट हैं। यहां से दिग्विजय सिंह लगभग तीन दशक बाद लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। दिग्गी इस सीट से साल 1984 और 1991 में सांसद रह चुके हैं। उन्होंने पिछला चुनाव भोपाल लोकसभा सीट से लड़ा था, जहां BJP प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर  से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार दिग्विजय का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार व वर्तमान सांसद रोडमल नागर  से होगा।

साल 2019 में हुए लोकसभा इलेक्शन में एमपी की इन तीन गुना, विदिशा और राजगढ़ सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा जमाया था। इस बार का चुनाव काफी रोचक होने की उम्मीद है। लोकसभा के तीसरे चरण के रण में महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया), शिवराज सिंह चौहान और राजा (दिग्विजय सिंह) की प्रतिष्ठा दांव पर है। इन दीनों दिग्गजों की कल अग्नि परीक्षा होगी। वहीं इनके भाग्य का फैसला 4 जून को होने वाली मतगणना में होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here