देश

लोकसभा में अटेंडेंस नियम बदले, अब सांसद अपनी सीट से ही दर्ज कराएंगे उपस्थिति

नई दिल्ली। लोकसभा में सांसदों की उपस्थिति दर्ज कराने के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घोषणा की है कि आगामी बजट सत्र से सांसद केवल अपनी निर्धारित सीट से ही हाजिरी लगा सकेंगे। पहले लॉबी से अटेंडेंस की सुविधा थी, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य सदन की कार्यवाही में सांसदों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बताया कि अब सांसद तभी अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाएंगे, जब सदन की कार्यवाही चल रही होगी। यदि किसी कारणवश सदन स्थगित होता है—चाहे वह हंगामे की वजह से ही क्यों न हो—तो उस स्थिति में अटेंडेंस नहीं लग सकेगी। बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने वाला है।

इस नई व्यवस्था के तहत लोकसभा की हर सीट पर विशेष कंसोल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सांसद अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। स्पीकर ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव केवल उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि संसदीय अनुशासन और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम है।

यह जानकारी ओम बिरला ने लखनऊ में आयोजित 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन के दौरान दी। उन्होंने यह भी बताया कि संसद ने एक समिति गठित की है, जो देश की सभी विधायी संस्थाओं में नियमों और परंपराओं में एकरूपता लाने पर विचार करेगी, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा और मजबूत हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts