Home सरगुजा सरगुजा में कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी, कहा – कांग्रेस ने...

सरगुजा में कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी, कहा – कांग्रेस ने जनता का भरोसा खोया, भाजपा ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और नक्सली हिंसा दोनों को काबू किया

55
0

सरगुजा(विश्व परिवार) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। सरगुजा में आयोजित विजय संकल्प शंखनाद महारैली में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और नक्सली हिंसा दोनों को काबू किया है। पीएम इस दौरान कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। ये आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने जब मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था, तब अंबिकापुर में ही आपने लाल किला बनाया था। कांग्रेस की टोली ने उस समय मुझ पर हमला बोल दिया था, बात का बवंडर बना दिया था। लेकिन मोदी लाल किले पर पहुंचा और राष्ट्र के नाम संदेश दिया। आज अंबिकापुर क्षेत्र फिर वही आशीर्वाद दे रहा है-फिर एक बार मोदी सरकार।उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले मैंने आपसे छत्तीसगढ़ से कांग्रेस का भ्रष्टाचारी पंजा हटाने के लिए आशीर्वाद मांगा था, आपने मेरी बात का मान रखा और भ्रष्टाचारी पंजे को प्रदेश से साफ कर दिया। आज आप सब के आशीर्वाद से सरगुजा की संतान, आदिवासी समाज की संतान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के सपने को साकार कर रहा है।

कांग्रेस ने जनता का भरोसा खोया: पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वो भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। कांग्रेस ने जनता का भरोसा खो दिया है। कांग्रेस, हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है, उन्हें शहीद बता रही है। इसी कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता, आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसी ही करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है।

पीएम ने कहा कि वर्षों पहले, कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया था। फिर कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई। कांग्रेस ने कहा कि SC/ST और ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से चुरा कर धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाए। जब संविधान बन रहा था, तब बाबा साहेब आंबेडकर के नेतृत्व में तय किया गया था कि भारत में धर्म के अनुसार आरक्षण नहीं होगा। लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने इन महापुरुषों की बातों की परवाह नहीं की, संविधान की पवित्रता की परवाह नहीं की और न ही बाबा साहेब आंबेडकर के शब्दों की परवाह की।

कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं: पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आपके आरक्षण को ही लूटना नहीं चाहती है, इनके और भी कारनामें हैं। कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे संविधान के अनुरूप नहीं हैं, सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। अगर आपके आरक्षण की कोई रक्षा कर सकता है, तो सिर्फ और सिर्फ भाजपा कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here