छत्तीसगढ़

सेजबहार कॉलोनी में गंदे पानी से हाहाकार, नाली से गुजरी पाइपलाइन बनी मुसीबत

रायपुर के सेजबहार इलाके में स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-वन के रहवासी इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में लंबे समय से जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। गर्मियों में जहां पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, वहीं सर्दियों में लोगों को बदबूदार और गंदा पानी इस्तेमाल करने को मजबूर होना पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बीते कुछ दिनों से नलों से निकलने वाले पानी में कीड़े और काई साफ दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले पानी हल्का गंदा आता था, लेकिन पिछले तीन दिनों में स्थिति बेहद खराब हो गई। पानी न तो पीने लायक बचा है और न ही घरेलू उपयोग के लिए। मजबूरी में परिवारों को बाजार से पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

नाले के बीच से गुजर रही थी मुख्य पाइपलाइन

रहवासियों ने जब लगातार शिकायतों के बाद खुद पड़ताल की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। कॉलोनी की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन खुले नाले के बीच से होकर गुजर रही थी। कई जगह पाइपलाइन जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे नाले का गंदा पानी रिसकर सप्लाई लाइन में मिल रहा था। यही दूषित पानी सीधे घरों तक पहुंच रहा था।

हालांकि गुरुवार को पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई, लेकिन लोगों का कहना है कि अब भी पानी पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि अस्थायी मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

समय पर कार्रवाई नहीं होने से बिगड़े हालात

कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने महीनों पहले ही इस समस्या की जानकारी हाउसिंग बोर्ड अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन न तो पाइपलाइन बदली गई और न ही साफ पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। समय रहते कदम न उठाने के कारण हालात और बिगड़ते चले गए।

बीमारियों का बढ़ा खतरा

गंदे पानी के चलते उल्टी-दस्त, त्वचा रोग और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, जिसको लेकर परिवारों में चिंता का माहौल है। रहवासियों ने मांग की है कि पूरी पाइपलाइन को बदला जाए और नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

अधिकारियों का बयान

इस मामले में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सेजबहार क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता नितेश कश्यप का कहना है कि पाइपलाइन फटने के कारण पानी गंदा आ रहा था, जिसे ठीक कर दिया गया है। जहां-जहां लीकेज की शिकायत मिलेगी, वहां मरम्मत कराई जाएगी और लोगों को जल्द साफ पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts