Home  बिलासपुर होली बनाएगा युवाओं को आत्मनिर्भर, टी-शर्ट, हर्बल रंग व पैकेट पकवान

होली बनाएगा युवाओं को आत्मनिर्भर, टी-शर्ट, हर्बल रंग व पैकेट पकवान

68
0

HIGHLIGHTS

  • 17 मार्च से प्रारंभ होगा होलाष्टक
  • बाजार के साथ अब घर से बिक्री
  • परीक्षा समाप्त, बच्चे मचाएंगे हुडदंग, सीयू के स्टूडेंट जमा करते हैं फीस

    बिलासपुर (विश्व परिवार)। इस साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि 24 मार्च को है। यानी इस दिन होलिका दहन होगा। 25 मार्च को रंगोत्सव मनेगा। पर्व को लेकर माहौल बनने लगा है। ग्रामीण अंचल में नगाड़े की थाप सुनाई देने लगी है। इन सब के बीच बड़ी संख्या में युवा आत्मनिर्भर भी बनेंगे। बाजार के साथ घर से भी कमाई का रास्ता खोज लिया है। होली टी-शर्ट, हर्बल रंग और एक से बढ़कर एक पैकेट पकवान बनाकर बेचने की तैयारी में हैं। संस्कारधानी में परंपरानुसार वसंत पंचमी से होली के लिए डांग गड़ चुका है। बच्चों से लेकर बड़ों में होली को लेकर उत्साह देखते बनता है। इस साल भी जबरदस्त तैयारी चल रही है। अब बाजार भी सजने लगा है। तेलीपारा के वृंदावन परिसर, शनिचरी बाजार, बुधवारी बाजार और माल में होली की रंगत इससे जुड़े व्यवसायों में दिख रही है। कुछ ही दिनों में पुराना बस स्टैंड, देवकीनंदन चौक, मंगला, तिफरा, व्यापार विहार, सरकंडा एवं तारबाहर चौक में भी दुकानें सजेंगी। अच्छी खबर ये कि शहर के बड़ी संख्या में युवा और गृहिणी सीधे घरों से होली सामग्री बेचने की तैयारी में हैं। आत्मनिर्भर बनने टी-शर्ट, हर्बल रंग व पैकेट पकवान बेचेंगे। मोबाइल और इंटरनेट के जरिए कुछ ने प्रचार प्रसार भी प्रारंभ कर दिया है।

    17 मार्च से प्रारंभ होगा होलाष्टक

    फाल्गुन मास में होली से आठ दिन पूर्व लगने वाला होलाष्टक इस बार 17 मार्च से प्रारंभ हो रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार फाल्गुन शुक्ल पक्ष अष्टमी से होलाष्टक प्रारंभ हो जाता है और होलिका दहन यानी पूर्णिमा तक व्याप्त रहता है। इस दौरान प्रकृति के वातावरण में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश हो जाता है। इससे विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, नवीन आदि मंगल कार्य पूर्णत: वर्जित माना जाता है।

    परीक्षा समाप्त, बच्चे मचाएंगे हुडदंग
    छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं इस साल होली से पहले ही समाप्त हो जाएंगी। यानी इस साल बच्चे खूब रंग गुलाल खेलेंगे। जबकि सीबीएसई के बच्चों को दिक्कत होगी, क्योंकि उनकी परीक्षाएं दो अप्रैल तक संचालित होंगी। होम एग्जाम पर्व के पहले समाप्त हो जाएंगे। यही कारण है कि अधिकांश अभिभावकों ने अभी से पर्व को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी है।

    सीयू के स्टूडेंट जमा करते हैं फीस

    गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी, सामाजिक कार्य विभाग के स्टूडेंट हर साल होली पर्व पर हर्बल रंग-गुलाल बनाते हैं। इसे वे बाजार में बेचते भी हैं। मार्केटिंग का इनका तरीका भी अनोखा होता है। आत्मनिर्भर भारत के सपनों को पूरा करने के साथ पांच लाख तक आय अर्जित कर अपना फीस चुकाते हैं। देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ समाज में भी इसकी खूब प्रशंसा मिलती है। इस साल भी स्टूडेंट पूरी तैयारी में है।

    श्याम मंदिर में मनेगा उत्सव

    घोंघा बाबा मंदिर परिसर में जय श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीश्याम फाल्गुन उत्सव का आयोजन 19 मार्च से किया जाएगा। प्रथम दिवस दोपहर एक बजे से श्री श्याम कथा, 20 मार्च को सुबह 10.30 बजे निशान यात्रा श्री राम मंदिर तिलकनगर से निकलेगी। शाम 7.15 बजे भजन संध्या और 21 मार्च की सुबह नौ बजे सवामणी भोग प्रसाद का वितरण होगा। उत्सव में जयपुर के कलाकार हेमलता खंडेलवाल, मास्टर सन्नी सोनी, विजय गंगवानी, बुदु म्यूजिकल ग्रुप के साथ बिलासपुर के पलाश शर्मा सुरमयी भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस उत्सव का शहरवासियों को सालभर से इंतजार रहता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here