रायपुर/तेलंगाना (विश्व परिवार)। तेलंगाना में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता सामने आई है। राज्य में 124 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें माओवादी संगठन के कई सक्रिय और अहम सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी संगठन के प्रमुख देवजी की पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) कमांडर टीम से जुड़े सदस्य भी इस सरेंडर में शामिल हैं। इन नक्सलियों ने सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है।
आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान तेलंगाना सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार की नक्सल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और बड़ी संख्या में नक्सली अब हिंसा का रास्ता छोडक़र समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और बेहतर भविष्य के लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।





