छत्तीसगढ़रायपुर

13 राज्यों में वांटेड 3 साइबर ठग गिरफ्तार

  • वर्क-फॉम-होम जॉब दिलाने का झांसा देकर करते थे ठगी, रायपुर पुलिस ने राजस्थान-महाराष्ट्र में छापेमारी कर पकड़ा

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर रेंज की साइबर टीम ने 13 राज्यों में वांटेड और साइबर ठगी करने वाले सिंडिकेट के 3 ठगों को गिरफ्तार किया है। वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी कर चुके हैं। पुलिस ने उन्हें राजस्थान से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान निवासी भवानी सिंह, उत्पल पंचारिया और महाराष्ट्र निवासी साहित संतोष बताए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दरअसल, राखी निवासी पारस कुमार धीवर और धरसीवां निवासी ललित साहू ने शिकायत की थी। पारस कुमार ने बताया कि, आरोपियों ने वर्क फॉम होम नौकरी देने का झांसा देकर 24 लाख की ठगी कर ली। इसी तरह से धरसीवां निवासी ललित साहू ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने उससे 34 लाख की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर रेंज की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि, आरोपी टेलीग्राम चैनल की मदद से ठगी का जाल बिछाते थे। एक्स्ट्रा कमाई के चक्कर में लोग इनसे संपर्क करते थे, फिर ठगी का शिकार हो जाते थे। आरोपियों ने लोगों को घर बैठे ज्यादा कमाई का लालच देकर टास्क, रिव्यू और लाइक जॉब के नाम पर पैसे जमा करवाए और संपर्क तोड़ दिया। साइबर रेंज डीएसपी निशित अग्रवाल ने अपील की है कि, अंजान नंबर से मिलने वाले जॉब ऑफर, रजिस्ट्रेशन फीस की मांग, फर्जी ऐप डाउनलोड कराने और ओटीपी या बैंक जानकारी साझा करने जैसे संकेत साइबर ठगी के हो सकते हैं। लालच या बहकावे में नहीं आए। संदिग्ध कॉल या लिंक मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts