Home मध्य प्रदेश राजा राम की नगरी में रामनवमी उत्सव की तैयारी शुरु, भोग के...

राजा राम की नगरी में रामनवमी उत्सव की तैयारी शुरु, भोग के लिए बने 51 हजार लड्डू

74
0

निवाड़ी(विश्व परिवार) देश में भगवान राम के जन्मोत्सव यानी रामनवमी की तैयारी शुरू हो चुकी है। कल 17 अप्रैल को बड़े ही धूमधाम से हर जगह रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। इसी बीच मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले के ओरछा में प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर में भगवान के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। यहां रामनवमी पर हर साल पारंपरिक रूप से तीन दिवसीय आयोजन किया जाता है।

तीन दिवसीय का होगा आयोजन

श्रीरामराजा मंदिर ओरछा में भगवान के जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई है। पारंपरिक रूप से यहां पर तीन दिवसीय आयोजन किया जाता है। 17 अप्रैल को श्रीराम नवमी के पर्व पर दोपहर 12 बजे जहां विधि-विधान से भगवान के जन्मोत्सव की रस्म अदा की जाएगी तो इसी दिन शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस यात्रा की खास बात यह है कि यहां पर मां कौशल्या की जगह रानी कुंवरि गणेश की झांकी सजाई जाती है। वहीं 18 अप्रैल की सुबह 5 बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद 19 अप्रेल को भगवान की पालना झांकी सजाई जाएगी। ये नजारा देखने हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। बतादें कि, श्रीराम नवमी के बाद की मंगला आरती का यहां पर विशेष महत्व होता है। वर्ष में दो बार ही भगवान की मंगला आरती की जाती है।

51 हजार लड्डू का लगेगा भोग

श्रीराम नवमी पर आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान के जन्मोत्सव पर लड्डुओं का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। जिसके लिए 15 क्विंटल के 51 हजार लड्डू बनाए जा रहे हैं। प्रसाद अर्पित होने के बाद श्रद्धालुओं को बांटा जाएगा। इसके साथ ही पूरे मंदिर की फूलों से आकर्षक सज्जा की जाएगी। श्रीराम नवमी पर भगवान पीली बसंती रंग की पोषाक धारण करेंगे। इसके साथ ही ओरछा में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें मशहूर कलाकार स्वेता गुंजन जोशी व दीपचंद आठिया कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here