खेल

नीता अंबानी ने वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीमों को किया सम्मानित, क्रिकेट के दिग्गज रहे मौजूद

नीता अंबानी ने 5 जनवरी को मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में भारत की वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन रिलायंस फाउंडेशन की ओर से किया गया, जिसमें भारतीय क्रिकेट की कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।

इस मौके पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टीसी और पूर्व भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा समेत कई नामचीन खिलाड़ी मंच पर मौजूद रहे। महिला टीम से स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

अपने संबोधन में नीता अंबानी ने कहा कि पुरुष, महिला और दृष्टिबाधित—तीनों भारतीय क्रिकेट टीमें आज एक मंच पर हैं और यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और ऐतिहासिक जीतों की सराहना करते हुए कहा कि इन सफलताओं ने देश को अपार खुशी दी है।

कार्यक्रम में भारतीय पुरुष टीम के खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और यशस्वी जायसवाल भी शामिल हुए। इसके अलावा टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय पुरुष टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा। वहीं, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिला टीम ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम ने भी टी20 वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन किया। इस आयोजन में इन सभी ऐतिहासिक उपलब्धियों को एक साथ सम्मानित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts