भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी नेता नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधिवत रूप से पदभार संभाला। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल नजर आया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व संभालने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन के भीतर लंबे समय से चली आ रही चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक रही है और अब उसका सफल समापन हुआ है।
पीएम मोदी ने भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि संगठन की यही मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के कारण ही भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पार्टी और राष्ट्र से जुड़े कई ऐतिहासिक पड़ावों का भी जिक्र किया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने जैसे अवसरों को याद करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा दी है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के सफर को याद करते हुए कहा कि पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में नींव मजबूत हुई। इसके बाद वैकेंया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने संगठन और सत्ता—दोनों स्तरों पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।
नितिन नबीन के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आज से नितिन नबीन उनके “बॉस” हैं और वे खुद उनके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री होने के बावजूद उनकी सबसे बड़ी पहचान आज भी भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता की ही है।




