छत्तीसगढ़सरगुजा

बसंत पंचमी पर नशे में स्कूल पहुंचा सरकारी शिक्षक, वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंशन की सिफारिश

सरगुजा (विश्व परिवार)। जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत गुमगरा क्षेत्र के जूनापारा प्राइमरी स्कूल में बसंत पंचमी के दिन एक सरकारी शिक्षक का नशे की हालत में स्कूल पहुंचना विवाद का कारण बन गया। सरस्वती पूजा के आयोजन के दौरान शिक्षक की हालत देखकर अभिभावक और ग्रामीण हैरान रह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शिक्षक का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, जूनापारा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक बुद्धेश्वर दास सरस्वती पूजा के दिन शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। वीडियो में शिक्षक बहकी-बहकी बातें करते हुए नजर आ रहे हैं। जब उनसे शराब पीने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पहले इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने मध्यान्ह भोजन में दाल-भात खाया है। वहीं, नाम पूछे जाने पर भी वे टालमटोल करते दिखे।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक आदतन शराबी हैं और इससे पहले भी कई बार नशे की हालत में स्कूल आने की शिकायतें की जा चुकी हैं। बार-बार समझाइश के बावजूद उनकी आदत में कोई सुधार नहीं हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने स्कूल पहुंचकर ग्राम सभा बुलाई, जहां शिक्षक को स्कूल से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर लखनपुर के बीईओ डीके गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संकुल प्रभारी से जांच कराई गई। जांच में शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल आने की पुष्टि हुई है। इसके बाद शिक्षक को निलंबित करने की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा को भेज दी गई है। फिलहाल शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts