गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले के नक्सल प्रभावित जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। माओवादियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर छुपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री को पुलिस ने बरामद कर नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।
जिला पुलिस बल ई-30 ऑपरेशन, सीएएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम कुकरार एवं थाना पीपरछेड़ी अंतर्गत ग्राम कमारभौदी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों से नक्सल डम्प सामग्री जब्त की।
पुलिस को आत्मसमर्पित नक्सलियों के सूचना तंत्र के माध्यम से इन इलाकों में माओवादियों द्वारा हथियार व विस्फोटक छुपाए जाने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर संयुक्त बलों ने सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान बीडीएस टीम द्वारा इलाके की गहन तलाशी ली गई।
23 जनवरी 2026 को सर्च के दौरान पुलिस ने नक्सलियों द्वारा डम्प की गई सामग्री में से पुलिस बल से लूटी गई 01 नग 303 रायफल, 01 देशी पिस्टल, 12 बोर के 31 राउंड, 8 एमएम के 48 कारतूस, 43 डेटोनेटर, 02 सौर प्लेट, 01 मल्टीमीटर, 02 वॉकी-टॉकी, 01 इन्वर्टर सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की।
पुलिस के अनुसार, माओवादी इन हथियारों और विस्फोटकों का उपयोग पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने और ग्रामीणों में दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की इस नापाक साजिश को विफल कर दिया।
फिलहाल जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस सफलता को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।





