छत्तीसगढ़रायपुर

एम्स रायपुर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

रायपुर (विश्व परिवार) एम्स रायपुर के मेडिकल कॉलेज परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गौरव तथा अनेकता में एकता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने एम्स रायपुर को “लघु भारत” बताते हुए कहा कि संस्थान में देश के सभी राज्यों, समुदायों एवं धर्मों के लोग मिल-जुलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण ही एम्स रायपुर चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने हाल ही में स्थापित आईवीएफ प्रयोगशाला, कुपोषण कम करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा रोबोटिक सर्जरी सेवाओं के शुभारंभ की जानकारी दी, जिससे क्षेत्र की जनता को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति एम्स रायपुर की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयासों पर बल दिया। अपने वक्तव्य में उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एम्स रायपुर के नर्सिंग एवं चिकित्सा छात्रों द्वारा विशेष सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही छात्रों द्वारा अन्य मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई।
इस वर्ष संस्थान में गणतंत्र दिवस परेड की सलामी का नेतृत्व एनसीसी की छात्राओं द्वारा किया गया।
सुरक्षा एवं अग्निशमन कर्मियों ने साहसिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए, जिनमें रामानंद साहू द्वारा कराटे का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चिकित्सालय वार्डों, स्वच्छता कर्मियों एवं एनसीसी कैडेट्स को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. विनिता सिंह ने किया।
गणतंत्र दिवस समारोह में अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. डॉ. एली महापात्र, अधिष्ठाता (अनुसंधान) प्रो. डॉ. अभिरुचि गल्होत्रा, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) प्रो. डॉ. कृष्ण दत्त चावली, अधिष्ठाता (परीक्षा) प्रो. डॉ. अविनाश इंगले, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु राजगुरु, उपनिदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर चौहान सहित वरिष्ठ संकाय सदस्य, नर्सिंग अधिकारी, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा चिकित्सा एवं नर्सिंग छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts