बीजापुर (विश्व परिवार)। जिले के ईलमिड़ी–लंकापल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम करते हुए दो शक्तिशाली आईईडी बरामद कर उन्हें सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (9वीं वाहिनी) तथा बीडीएस टीम बीजापुर की संयुक्त टीम गुरुवार को सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान लंकापल्ली की कच्ची सडक़ पर डिमाइनिंग कार्रवाई करते समय जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी।
जांच करने पर पता चला कि माओवादियों द्वारा सडक़ के बीचों-बीच 20 से 30 किलोग्राम वजनी दो आईईडी लगाए गए थे। ये विस्फोटक कमांड स्विच सिस्टम से जोड़े गए थे और इन्हें विशेष रूप से बड़े वाहनों को निशाना बनाने की मंशा से लगाया गया था।
सूचना मिलते ही बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) बीजापुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दोनों आईईडी को वहीं सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की गंभीर साजिश विफल हो गई, जिससे संभावित बड़ी जनहानि टल गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगे भी सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेंगे।





