छत्तीसगढ़बलौदा बाजार

खाकी वार्ता लाइव सेशन: नाबालिगों के खतरनाक स्टंट पर बलौदाबाजार पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

बलौदाबाजार-भाटापारा (विश्व परिवार)। जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान “खाकी वार्ता” के तहत एक और ऑनलाइन लाइव कार्यक्रम आयोजित किया। इस श्रृंखला के छठे एपिसोड में नाबालिग बच्चों और छात्रों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक स्टंट के बढ़ते मामलों को मुख्य विषय बनाया गया।
फेसबुक लाइव के माध्यम से पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर देखे जा रहे स्टंट वीडियो से प्रभावित होकर कई नाबालिग छात्र दोपहिया और चारपहिया वाहनों से खतरनाक हरकतें कर रहे हैं, जो उनके जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें और ऐसे जोखिम भरे कृत्यों से दूर रखें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और स्टंट करना कानून का उल्लंघन है, जिसके लिए चालक, वाहन मालिक और परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने माता-पिता से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और यातायात उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू ने भी यातायात नियमों, कानूनी प्रावधानों और उल्लंघन की स्थिति में होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी। इस लाइव सेशन में विभिन्न स्कूलों के छात्र, शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक ऑनलाइन जुड़े।
पुलिस का कहना है कि खाकी वार्ता कार्यक्रम के जरिए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, बाल अपराध और यातायात जागरूकता जैसे विषयों पर लगातार संवाद जारी रहेगा, ताकि समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts