रायपुर (विश्व परिवार)। साहित्यिक संस्था नवरंग काव्य मंच द्वारा सिविल लाइन, रायपुर स्थित वृन्दावन सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में स्थानीय कवि राजेश जैन ‘राही’ के छंद संग्रह ‘प्रीत तुम्हारी मधुशाला’ का विमोचन किया गया। यह काव्य-कृति सुप्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन की अमर रचना ‘मधुशाला’ की तर्ज पर रचित छंदों का संग्रह है।
विमोचन समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, रूंगटा स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जवाहर सुरिसेट्टी, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, आचार्य रंजन मोडक़ तथा कवयित्री डॉ. नेहा शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने कृति पर अपने बहुमूल्य विचार प्रस्तुत करते हुए इसे भाव, शिल्प और संगीतात्मकता का सुंदर समन्वय बताया। विगत रविवार, 8 फरवरी को आयोजित इस समारोह में कवि राजेश जैन ‘राही’ ने अपनी काव्य-कृति के चयनित छंदों की संगीतबद्ध प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। इस प्रस्तुति में तिलक भोगल और धनंजय साहू ने संगत की।
कार्यक्रम का संचालन उर्मिला देवी ‘उर्मि’ एवं प्रियंका उपाध्याय ने किया। समारोह के दौरान कवयित्री आशा राय नशीने (राजनांदगांव), गायिका अंजनि अग्रवाल, चित्रकार सुश्री सुरभि झंवर, संगीतकार तिलक भोगल, बाँसुरी वादक धनंजय साहू सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं—
बुजुर्गों की चौपाल, डू कर्मा फाउंडेशन, नेकी कर फाउंडेशन, हैप्पी हेल्पिंग हैंड्स, खुशियाँ बाँटे अभियान, कुछ फज़ऱ् हमारा भी एवं वैदेही मुस्कान सोशल वेलफेयर सोसायटी को नवरंग समाज रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में शिवानी मैत्रा, सुरेंद्र रावल, योगेश शर्मा ‘योगी’, राम मूरत शुक्ला, नथमल झंवर, आर.डी. अहिरवार, छबिलाल सोनी, राजाराम रसिक, रवि शर्मा ‘राधेय’, राजेंद्र ओझा, कुमार जगदलवी, भागीरथ वर्मा, गोपाल सोलंकी, मुकेश सिंह राठौर, आशा राय नशीने, किरण लता वैद्य, सुषमा पटेल एवं प्रियंका उपाध्याय सहित अनेक रचनाकारों ने काव्य-पाठ कर साहित्यिक समां बांधा।





