रायपुर (विश्व परिवार)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वीडियो में आरोपी हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराते-धमकाते नजर आ रहा था।
मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड स्थित आमातालाब बगीचा पारा का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) के निर्देश पर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भावेश जंघेल उर्फ राहुल (24 वर्ष) के रूप में की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक बड़ा स्टील का गंडासा जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





