रायपुर (विश्व परिवार)। सोशल मीडिया रील्स देखकर चोरी की तरकीबें अपनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई चोरी के कुल आठ मामलों का खुलासा कर सात आरोपियों (एक विधि से संघर्षरत बालक सहित) को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई स्मृतिक राजनाला, डीसीपी क्राइम एवं साइबर, की निगरानी में की गई। जांच के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों—खम्हारडीह, डी.डी. नगर, पुरानी बस्ती, पंडरी, आरंग, विधानसभा और बलौदा बाजार जिले के पलारी—में हुई वारदातों की कडिय़ां जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी रकम और मोटरसाइकिल समेत लगभग 28 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। इनमें शातिर चोर और हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम उर्फ गोलू भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान घरों और ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाते थे। कुछ मामलों में दुकान में ग्राहक बनकर आभूषण देखने के दौरान चोरी की गई, जबकि अन्य घटनाओं में मकानों के ताले तोडक़र वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। मामले में आगे की विवेचना जारी है।






