जांजगीर-चांपा (विश्व परिवार)। जिले में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा सडक़ हादसा सामने आया है। बारात में डांस कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि तारा देवांगन, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सारंगढ़ जिला अध्यक्ष हैं, इस घटना में सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा से घिवरा रोड स्थित भाटापारा इलाके में आयोजित था। तारा देवांगन के चाचा के बेटे की शादी थी, जिसमें सारंगढ़ से बारात पहुंची थी। देर रात करीब 12 बजे बारात निकली थी और लोग सडक़ पर डांस कर रहे थे, तभी एक कैप्सूल वाहन अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन को जब्त कर चालक को थाने ले जाया गया।





