गरियाबंदछत्तीसगढ़

राजिम कुंभ कल्प में बिखरा सुनील सोनी की आवाज का जादू, देर रात तक जमकर झूमते रहे दर्शक

  • विधायक और जनप्रतिनिधियों के भी थिरके पैर, राजिम और अभनपुर विधायक ने लिया कार्यक्रम का आनंद

गरियाबंद (विश्व परिवार)। राजिम कुंभ कल्प के मुख्य मंच पर बारवें दिन आयोजित सुनील नाइट ने मेले की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। जैसे ही मंच पर छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी ने कदम रखा, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने भक्तिमय गीत हे गणेश गौरी के ललना से की, जिसने माहौल को श्रद्धा और आस्था से भर दिया। इसके बाद हर-हर भोला की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सधी हुई आवाज़, संगीत की नई धुन ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। जब उन्होंने वर्ष 2000 की चर्चित छत्तीसगढ़ी फिल्म मोर छईया भुईया का भावुक गीत छईंया भुईंया ल छोड़ जवईया प्रस्तुत किया, तो कई दर्शक भावुक हो उठे। वहीं मीठ-मीठ लागे मया के बानी, रानी के फुंदरा राजा गहना धरे और तारा तोड़ के लाना गोरी जैसे लोकप्रिय गीतों ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। दर्शक दीर्घा उनके चाहने वालों से भरी रही और लोग देर रात तक अपने स्थान पर डटे रहे। कई लोग मंच के सामने आकर झूमते और इस नजारे को मोबाइल में कैद करते नजर आए। राजिम विधायक रोहित साहू तथा अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी देर रात कार्यक्रम का आनंद लेने मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के बीच बैठकर प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाया। छत्तीसगढ़ी गीतों और भक्तिमय धुनों पर वे भी तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
मंच पर अन्य कार्यक्रमों में कत्थक नृत्यांगना शिल्पा सिंह ने आकर्षक प्रस्तुति दी। पैरों, हाथों और आंखों के बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद सुरसुधा परिवार के संतोष कुमार घोरबंधे ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। तोला बुलाव जगदम्बा अम्बे भवानी और मैं लइका गवई किसान के जैसे गीतों ने दर्शकों को भक्ति रस में डुबो दिया। पंथी नृत्य सतनाम गंगा बोहागे गा छत्तीसगढ़ के माटी म के माध्यम से गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को याद किया गया। देशभक्ति गीत ये मोर वतन जेनला कहिथन भारत देश गा ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कलाकारों का सम्मान विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह और बुके भेंट कर किया। संचालन दुर्गेश तिवारी और किशोर निर्मलकर ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts