बलरामपुर (विश्व परिवार)। बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हंसपुर में एक ग्रामीण की कथित प्रशासनिक मारपीट से मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से घायल होने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 10 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति का नेतृत्व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत को सौंपा गया है। समिति में पूर्व विधायक, पूर्व महापौर और विभिन्न पदों पर रह चुके वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
जांच समिति के सदस्यों में डॉ. प्रीतम राम, पारसनाथ राजवाड़े, भानूप्रताप सिंह, डॉ. अजय तिर्की, विजय पैकरा, सफी अहमद, राजेंद्र तिवारी, राकेश गुप्ता और हरिहर प्रसाद यादव शामिल हैं।
समिति को निर्देश दिया गया है कि वह जल्द से जल्द प्रभावित गांव का दौरा कर मृतक के परिजनों, घायलों, ग्रामीणों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाए। इसके बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा और आक्रोश का माहौल है। कांग्रेस द्वारा गठित यह समिति घटना की सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।






