छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ के जंगल में हाथियों का मनमोहक नजारा, शावकों को घेरे में लेकर घूमता दिखा दल

रायगढ़ (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद खूबसूरत और खास दृश्य सामने आया है, जहां जंगल में हाथियों का एक बड़ा दल अपने दो नन्हे शावकों के साथ विचरण करता नजर आया। यह पूरा नजारा ड्रोन कैमरे में कैद हुआ, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज का है। यहां 11 हाथियों का दल गूडाघाट डेम के पास जंगल में घूमता दिखा। इस दल में दो छोटे शावक भी शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 6 महीने बताई जा रही है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मादा हाथी अपने बच्चों को चारों ओर से घेरे में रखकर सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ रही हैं। यह प्राकृतिक सुरक्षा घेरा शावकों की रक्षा के लिए बनाया गया था, जो देखने में बेहद आकर्षक और भावुक करने वाला है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम लगातार इस दल की निगरानी कर रही है। साथ ही कुडेकेला, बांसाझार और आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने और बिना जरूरत जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह हाथियों का दल अब घरघोड़ा रेंज की ओर बढ़ चुका है। शावकों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग इस पूरे मूवमेंट पर विशेष नजर बनाए हुए है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts