दुर्ग (विश्व परिवार)। जिले की पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अवैध रूप से नशीली दवाईयों की बिक्री करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से लाखों रूपये कीमत के प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल तथा गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 19.02.2026 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ड्रीम सिटी, पुरानी भिलाई स्थित एक मकान में 05 व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का संग्रहण एवं विक्रय कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर विधिवत रेड कार्यवाही की गई। मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से पूछताछ एवं तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 09.292 किलोग्राम गांजा कीमत लगभग 1,20,000 रुपये, 1050 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल कीमत लगभग 4,20,000 रुपये, 06 नग मोबाइल फ ोन, नगद राशि 2,44,000 रुपये, 01 हुंडई कार एवं 01 मोटर सायकल जप्त किया गया। प्रकरण में थाना पुरानी भिलाई में धारा 20(ख), 22(सी), 27(क), 8 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
मामले में पुलिस ने अब्दुल लतीफ, उम्र 57 वर्ष, निवासी सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (उड़ीसा), अब्दुल आकीफ, उम्र 21 वर्ष, निवासी सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (उड़ीसा), प्रिंस कुमार, उम्र 37 वर्ष, निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई, जितेन्द्र सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई तथा बाबू अली, उम्र 38 वर्ष, निवासी एकता नगर, खुर्सीपार, भिलाई को गिरफ्तार किया है।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।





