Home रायपुर 69 वां रेल सप्ताह पुरस्कार 2024 (मंडल रेल प्रबंधक स्तर रेल सेवा...

69 वां रेल सप्ताह पुरस्कार 2024 (मंडल रेल प्रबंधक स्तर रेल सेवा पुरस्कार) समारोह

34
0

 

69वाँ रेल सप्ताह समारोह 2024 (मंडल रेल प्रबंधक स्तर रेल सेवा पुरस्कार) समारोह में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले रायपुर मंडल के कर्मचारी मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद द्वारा सम्मानित

रायपुर (विश्व परिवार)l दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर द्वारा आज दिनांक 07 फरवरी, 2025 को उल्लास अधिकारी क्लब, शिवनाथ रेल विहार, डब्ल्यू.आर.एस कॉलोनी, रायपुर में 69वाँ रेल सप्ताह समारोह (मंडल रेल प्रबंधक स्तर)- 2024 मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद के आतिथ्य में आयोजित किया गया ।

भारत में पहली बार रेल का शुभारंभ 16 अप्रैल 1853 में मुम्बई से थाणे के मध्य रेल चलाकर की गई थी। इस ऐतिहासिक घटना की याद में रेल मंत्रालय सहित सभी क्षेत्रीय रेलवे, वर्कशॉप, यूनिटों एवं मंडलों में प्रति वर्ष रेल सेवा पुरस्कार मनाया जाता है। 69वाँ रेल सप्ताह समारोह 2024 में रेल कर्मचारियों को कैलेंडर वर्ष 2023 में उनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया।

69वाँ रेल सप्ताह समारोह के अवसर पर सर्वप्रथम मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद का स्वागत वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग द्वारा किया गया। अतिथियों द्वारा देवी सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, श्लोक उच्चारण एवं दीप प्रज्वलित कर इस समारोह का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग ने स्वागत संबोधन में कठिन परिश्रम, लगन और निष्ठा की बदौलत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को बधाई दी।

मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने अपने उदबोधन में कहा कि भारतीय रेल नेटवर्क, टीम वर्क का श्रेष्ठ उदाहरण है। इस वृहत प्रणाली को गतिमान रखने में रेलवे के सभी विभार्गों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इस पारस्परिक सामंजस्य एवं सहयोग के बिना इस रेल तंत्र को सुचारू रूप से चलाना संभव नहीं है। अपनी स्थापना के बाद से ही रायपुर मंडल लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है।

लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए रायपुर मंडल रिकार्ड लदान कर भारतीय रेल पर प्रतिवर्ष नया कीर्तिमान रचता आ रहा है और मुझे प्रसन्नता है कि यह परंपरा इस वर्ष भी कायम रही है। इसी के परिणामस्वरूप हमारे मंडल पर रिकार्ड राजस्व अर्जन हुआ। सभी उपलब्धियों का श्रेय हमारे अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन एवं कर्मचारियों के कठिन परिश्रम को जाता है। हम इसी सेवा भावना एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते रहेंगे। साथ ही अन्य कर्मचारियों को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अपनी पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया ।

69 वॉ रेल सप्ताह समारोह के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए 33 कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार एवं 27 समूह पुरस्कार प्रदान किए गए। रेल कर्मियों द्वारा तैयार किये गये रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। पुरस्कार वितरण के पश्चात् मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती निकिता अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बजरंग अग्रवाल, रायपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं समस्त यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित रेल कर्मचारीगण उपस्थित थे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here