Home रायपुर रायपुर नगर निगम में कांग्रेस के 15 साल के कुशासन पर भाजपा...

रायपुर नगर निगम में कांग्रेस के 15 साल के कुशासन पर भाजपा ने जारी किया आरोप पत्र

32
0
  • कांग्रेस के शासन में रायपुर को भ्रष्टाचार और बदहाली मिली:संजय श्रीवास्तव

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि विधानसभा, लोकसभा और रायपुर दक्षिण उपचुनाव के बाद अब प्रदेश की जनता नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को माकूल जवाब देकर सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठी है। कांग्रेस शासनकाल के भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और कुशासन को लेकर भाजपा के आरोप पत्र का विमोचन करते हुए श्री श्रीवास्तव ने कहा कि नगरीय निकाय लोकतंत्र की वह महत्वपूर्ण इकाई है, जिससे जनता सीधे जुड़ी होती है और नगर का तेजी से विकास होता है।
एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से मुखातिब श्री श्रीवास्तव ने आरोप पत्र जारी करते हुए विभिन्न बिंदुओं के मद्देनजर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप पत्र जारी किया।

भाजपा के आरोप पत्र में जिन बिन्दुओं को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला गया है, वे इस प्रकार हैं :

1. कांग्रेस ने 15 साल के शासन में नगर निगम रायपुर में भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकार्ड तोड़ दिए।

2. कोरोना महामारी में भी कांग्रेस भ्रष्टाचार से बाज नहीं आई, लगभग 80 लाख अस्थाई कोविड केयर के सामानों के लिए किराया दिया जबकि उन्हें खरीदा जाता तो भी इतनी राशि नहीं खर्च होती।

3. शहर में तालाबों के सौंदर्गीकरण के नाम पर भी कांग्रेस के महापौरों ने जमकर लूट मचाई, करोड़ों रुपए में खरीदे गए फव्वारे चंद दिनों में ही बंद पड़ गए, जिसमें बूढ़ा तालाब का ₹5 करोड़ का म्यूजिकल फाउंटेन भी शामिल है, जो केवल 100 दिन ही चला।

4. तेलीबांधा से वीआईपी रोड तक का सौंदर्याकरण बिना टेंडर के ही पूर्ण कर दिया गया था, जिसे जनता ने वॉल ऑफ करप्शन का नाम भी दिया।

5. होर्डिंग्स के मामले में भी कांग्रेस की नगर सरकार ने भारी भ्रष्टाचार किया . 27 करोड़ का यह घोटाला यूनिपोल घोटाला के नाम से छाया रहा।

6. नरैया तालाब के सौंदर्गीकरण में भी फर्जीवाड़ा किया गया. 27 लाख का फर्जी वेतन, 40 लाख का टेंडर घोटाला भी सामने आया. 100 की चीजों को हजारों रुपए में खरीदा गया।

7. वित्त आयोग से 10 इलेक्ट्रॉनिक बस की खरीदी के लिए 22 करोड रुपए आवंटित किए गए, लेकिन राजधानी में एक भी बस नहीं दौड़ी।

8. 2 साल से बंद पड़ी कंपनियों को बिना जांच और एनओसी के ठेके दिए गए, जिनके जरिए जमकर भ्रष्टाचार हुआ।

9. शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में पार्किंग एवं ट्रैफिक की जमकर अव्यवस्था रही, प्रदूषण से भी लोगों का जीना बेहाल हुआ।

10. शहर में नालियां जाम रही, साफ सफाई न होने की वजह से लगातार कई इलाकों में मलेरिया, पीलिया जैसी बीमारियां फैलती रही।

11. व्यावसायिक क्षेत्रों में जाने वाली महिलाओं को टॉयलेट की कमी से जूझना पड़ा।

12. जनता से अधिक कर की वसूली भी एक पीड़ा देने वाला विषय रहा, कांग्रेस द्वारा मूल कर में ब्याज, पेनॉल्टी इत्यादि जोड़कर जनता को जमकर परेशान किया गया।

13. संप्रदाय विशेष को संरक्षण के कारण लगातार अपराध होते रहे. सभ्य नागरिकों का जीना मुहाल रहा।

14. महापौर के रिश्तेदारों का आतंक न केवल आम निवासियों बल्कि पुलिस वालों तक पर चलता रहा।

15. मतांतरण आदि की घटनायें लगातार होती रही, उसे निगम और तब की प्रदेश कांग्रेस सरकार का प्रश्रय रहा. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि तिरंगा जलाने, संविधान फाड़ देने की बातें सरेआम की जा रही थी।

कोरोना महामारी में लाखों के घोटाले का आरोप
श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस ने 80 लाख रुपये का भ्रष्टाचार किया. जबकि उस समय सभी लोग सेवा कार्य में लगे हुए थे, कांग्रेस की टीम ने अनियमितताएं कीं।

पूर्व महापौर एजाज ढेबर पर साधा निशाना
पूर्व महापौर एजाज ढेबर पर निशाना साधते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि भतीजे का मामला हो, मतांतरण का मामला हो या तिरंगा जलाने की बात, कांग्रेस ने हर स्तर पर जनता को निराश किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि 11 फरवरी को मतदान और 15 फरवरी को परिणाम घोषित होंगे. भाजपा का यह आरोप पत्र निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस पर सीधा हमला माना जा रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here