छत्तीसगढ़राजनंदगांव

चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारी तेज: डोंगरगढ़ में प्रशासन ने बनाई व्यापक कार्ययोजना

डोंगरगढ़ (विश्व परिवार)। 19 मार्च 2026 से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर माँ बम्लेश्वरी मंदिर में जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने की, जिसमें विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अंजोरा से अछोली मार्ग तक सेवा पंडाल स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को विश्राम और भोजन की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य और प्राथमिक उपचार की विशेष व्यवस्था
चिकित्सा विभाग को ओआरएस, आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर परिसर के ऊपर और नीचे डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। पदयात्रियों को होने वाली सामान्य समस्याओं, जैसे पैरों में छाले, के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
मेला स्थल और मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी तथा क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहेगी। दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, रेडियम पट्टियां और अस्थायी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
रोपवे और खाद्य सुरक्षा की निगरानी
रोपवे के फिटनेस प्रमाणपत्र और मेंटेनेंस की समीक्षा की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिष्ठान्न और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त रखने और मंदिर परिसर व सीढिय़ों की विशेष सफाई व्यवस्था पर जोर दिया गया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेले की समस्त व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए एक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts