- रायपुर पश्चिम में विकास का नया अध्याय: रायपुरा-सरोना में बनेगा 100 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल
- आदिवासी कन्या छात्रावास के समीप होगा निर्माण; भाठागांव, चांगोराभाठा , सुंदर नगर सहित 5 लाख आबादी होगी लाभान्वित
- स्वास्थ्य सेवाओं में आएगी बड़ी क्रांति; विधायक राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गंगा अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रही है। क्षेत्र के दूरदर्शी विधायक राजेश मूणत के अथक प्रयासों से, रायपुरा-सरोना क्षेत्र में आदिवासी कन्या छात्रावास के समीप, 100 बिस्तरों वाले एक भव्य और अत्याधुनिक सरकारी अस्पताल के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। यह अस्पताल पश्चिम विधानसभा के इतिहास में स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
इस अस्पताल की स्थापना से एक विशाल जन-आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित होगी। विशेष रूप से रायपुरा, सरोना, भाटागांव, चगोराभाटा, डंगनिया, सुंदर नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों की लगभग 4 से 5 लाख की आबादी को अब घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को इलाज के लिए मेकाहारा या निजी अस्पतालों की दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसमें
विधायक राजेश मूणत का विस्तृत वक्तव्य
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए रायपुर पश्चिम के विधायक श्री राजेश मूणत ने एक विस्तृत वक्तव्य दिया:
“मेरा परम कर्तव्य रायपुर पश्चिम को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, और स्वास्थ्य मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। रायपुरा-सरोना में आदिवासी कन्या छात्रावास के पास बनने वाला यह अस्पताल केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं है, बल्कि यह हमारे लाखों भाइयों, बहनों, माताओं और बच्चों के लिए संजीवनी साबित होगा। भाटागांव से लेकर सरोना तक, हर नागरिक को अब उत्तम चिकित्सा सुविधा उनके दरवाजे पर ही मिलेगी। विकास की यह अविरल धारा अब पूरे क्षेत्र में जन-जन के जीवन को बेहतर बनाएगी।”
तीन मंजिला अस्पताल में मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं:
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) द्वारा प्रस्तावित इस अस्पताल को मरीजों की सुविधा के लिए तीन तलों में विभाजित किया गया है:
भूतल (Ground Floor): मुख्य प्रवेश लॉबी, इमरजेंसी वार्ड, 3 अलग-अलग प्रतीक्षा क्षेत्र, आयुष्मान कार्ड रूम, कैफ़ेटेरिया (किचन सहित), डॉक्टरों के केबिन, 3 प्रकार के लैब कक्ष, सोनोग्राफी और रेडियोलॉजी विभाग, माइनर ओटी (OT) रूम, मेडिकल स्टोर और मरीजों के लिए समर्पित रैंप व स्ट्रेचर लिफ्ट।
प्रथम तल (First Floor): ‘हमर लैब’ और एकीकृत लैब क्षेत्र, प्रशासनिक कार्यालय, नर्सिंग स्टेशन, पुरुष जनरल वार्ड (30 बेड), महिला जनरल वार्ड (24 बेड), डॉक्टरों के केबिन, गायनी (स्त्री रोग) विभाग, मेजर ओटी (OT) और आईसीयू (ICU) की सुविधा।
द्वितीय तल (Second Floor): मीटिंग हॉल, पुरुष जनरल वार्ड (30 बेड), महिला जनरल वार्ड (24 बेड), प्रतीक्षा क्षेत्र, ब्लड बैंक, आई (आंख) वार्ड, मेजर ओटी, ऑटोक्लेव, फैमिली प्लानिंग रूम और बर्न वार्ड की विशेष सुविधा।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
श्री मूणत ने इस बड़ी सौगात को संभव बनाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी का सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार के इस कुशल नेतृत्व में रायपुर पश्चिम और छत्तीसगढ़ की जनता का विकास अब तेजी से हो रहा है।”
इस गरिमामय भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, और विधायक पुरंदर मिश्रा अनुज शर्मा उपस्थित रहेंगे।
समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, स्थानीय पार्षदगण और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रहेगी, जो इस विकास कार्य की नींव रखे जाने के साक्षी बनेंगे।





