जांजगीर-चांपा (विश्व परिवार)। जिले में सरकारी जमीन की खरीद फरोख्त का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्र में इस अवैध कारोबार को सरपंच और उनके पति संचालित कर रहे हैं। ताजा मामला सरखों ग्राम पंचायत का है। इसकी शिकायत ग्रामीण विजेंद्र साहू ने कलेक्टर से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता विजेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि ग्राम सरखों के 49 डिसमिल शासकीय जमीन को सरपंच प्रीति बल्लू राठौर द्वारा अपने पति के बलदाऊ राठौर के माध्यम से शिक्षक कमलेश साहू को बेचा गया और इसके एवज में करीब 2 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता विजेंद्र साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत सरखों की सरपंच प्रीति बल्लू राठौर द्वारा अपने पति बलदेव राठौर के माध्यम से एक सरकारी जमीन बेचने के एवज में 2 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई है। उन्होंने बताया कि सरखों के खसरा नंबर 423/2 एवं 424 में शामिल लगभग 0.49 एकड़ शासकीय भूमि को ऋषि राठौर द्वारा कमलेश साहू (पिता बीएल साहू) को बेचा गया था। उक्त जमीन पर सरकारी जमीन लगा हुआ है जिसको बेचने के लिए प्रीति राठौर द्वारा 2 लाख रुपये की वसूली कमलेश साहू से की गई है और राशि नहीं देने पर जमीन नहीं खरीदने की धमकी दी गई है।
उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप भी उनके पास है। कमलेश द्वारा एक व्यक्ति से फोन पर बात की गई है, जिसकी रिकॉर्डिंग मौजूद है। इस मामले में उन्होंने धारा 40 के तहत सरपंच पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उनके पति, जो सीएसईबी मड़वा ताप विद्युत गृह में कार्यरत हैं, उन पर भी अवैध वसूली की कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल, मामले में जब प्रशासन की ओर से जांच होगी, उसके बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ सकेगा।








