रायपुर (विश्व परिवार)। कांग्रेसियों ने बिजली की समस्या को लेकर पहाड़ी चौक से पैदल मार्च निकालने के बाद गुढ़ियारी स्थित सीएसईबी कार्यालय का घेराव किया. महामंत्री सुबोध हरितवाल के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में पूर्व महापौर एजाज ढेबर समेत सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री सुबोध हरितवाल ने बताया कि रायपुर पश्चिम विधानसभा इलाके में लगातार बिजली कटौती की जा रही है. शहर के गुढ़ियारी इलाके में लगातार रात में बिजली कटौती की जाती है. पूरे इलाके में लाइनमैन की व्यवस्था नहीं है. मूलभूत सुविधा समेत पूरी व्यवस्था ठप पड़ी हुई है. इसी मूलभूत सुविधाओं के लिए आम जनता की समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक तरफ जनता को परेशान कर रही है. दूसरी तरफ देश को धर्म की राजनीति में बाँटने का घिनौना षड्यंत्र कर रही है. यही नहीं पार्टी के नेता कहते हैं कि सब ठीक चल रहा है. भाजपा का गंदा चेहरा अब जनता के सामने उजागर हो चुका है. कांग्रेस पार्टी जनता की मूलभूत व्यवस्थाओं के लिए सड़क पर उतर आई है. इसके लिए हमें किसी भी हद तक जाना पड़े, हम तैयार हैं।
घेराव को खत्म करने के लिए पहुंचे बिजली विभाग के SE महेश ठाकुर और EE रामकुमार साहू ने जनता को आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द बिजली कटौती रुकेगी और साथ ही सहायता केंद्र ठेकेदार पर कार्रवाई भी की जाएगी।





