छत्तीसगढ़रायपुर

कांग्रेस की अहम बैठक: बूथ से जिला तक संगठन मजबूत करने पर फोकस

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित हुई. इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के अध्यक्ष, पीआर प्रभारी मैजूद रहे. वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला अध्यक्षों से बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की जानकारी मांगी गई. इस दौरान कार्यकारिणी गठन की धीमी प्रक्रिया पर पीसीसी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ठ रूप से कहा कि जिला कार्यकारिणी, बूथ कमेटी और पंचायत कमेटियों का गठन तय समय सीमा तक कर लिया जाए. कार्यकारिणी गठन की धीमी प्रक्रिया के चलते संगठन के अन्य टास्क समय पर पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं. बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं AICC महासचिव भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, रविंद्र चौबे एल, ताम्रध्वज साहू, शिवकुमार डहरिया सहित संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे
बताया जा रहा है कि जिला कार्यकारिणी के गठन में एआईसीसी के निर्देशानुसार केवल 31 ही सदस्यों की अनुमति मिली है, जिसके चलते ही कार्यकारिणी गठन में लेट लतीफी सामने आ रही है. कांग्रेस जिला अध्यक्ष और स्थानीय वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि बड़े विधानसभा वाले जिलो में सिर्फ 31 सदस्यों की कार्यकारिणी गठन करना मुश्किल है. इससे संगठन के नेताओं में नाराजगी बढ़ेगी इसलिए लगभग आधा दर्जन जिलों में कार्यकारिणी गठन को रोक कर रखा गया है. चर्चा इस बात को लेकर भी है कि कई जिलों में कार्यकारिणी गठन का पेंच स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के खींचतान की वजह से भी फंसी हुई है, क्योंकि एआईसीसी ने जिला कार्यकारिणी गठन की संख्या 51 से घठाकर 31 सदस्यों तक समिति कर दी है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पीसीसी ने जिला अध्यक्षों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए 15 अप्रैल तक जिला कार्यकारिणी और बूथ कमेटी का गठन करने का अंतिम समय दिया है. गौरतलब है कि राज्य की राजधानी रायपुर के शहर और ग्रामीण, बिलासपुर, अंबिकापुर, बलौदाबाजार समेत कई जिलों में कार्यकारिणी का गठन अब तक अटका हुआ है।
जिलाध्यक्षों को दिए गए महत्वपूर्ण टास्क : दीपक बैज
बैठक को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष और प्रभारियों की अहम बैठक आज हुई है. AICC के निर्देश और पीसीसी के मार्गदर्शन में सभी जिला अध्यक्षों को जो जिम्मेदारियां और टारगेट दिए गए थे, उनकी समीक्षा की गई. बैठक में सभी पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा भी की गई. बूथ गठन को लेकर विशेष चर्चा हुई है, वहीं विलेज कमेटियों का गठन तेजी से और बेहतर तरीके से आगे बढ़ रहा है. हालांकि अभी जिला कार्यकारिणी और ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन बाकी है, जिस पर जल्द काम पूरा किया जाएगा. सभी जिला अध्यक्षों को 15 अप्रैल को संगठन को लेकर नया टास्क दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts