नई दिल्ली (विश्व परिवार)। ईरान ने अमेरिका से बातचीत से किया इनकार, इजरायली हमलों के बीच तनाव बढ़ा
मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के साथ सीधी बातचीत से साफ इनकार कर दिया है। इजरायल द्वारा लेबनान में लगातार किए जा रहे हमलों के बाद हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में अब तक हजारों घर तबाह हो चुके हैं और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, ईरान ने कतर और पाकिस्तान जैसे देशों के जरिए बातचीत की संभावना जरूर जताई है, लेकिन सीधे तौर पर अमेरिका से वार्ता करने से मना कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा हालात में सीजफायर (युद्धविराम) के बिना किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं है।
इस बीच, अमेरिका की ओर से भी बातचीत के संकेत मिले हैं। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल इटली पहुंच चुका है, जहां ईरान के प्रतिनिधियों से अप्रत्यक्ष वार्ता की कोशिश की जा रही है। हालांकि, ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक लेबनान में सीजफायर लागू नहीं होता, तब तक किसी डील पर विचार नहीं किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द ही हालात नहीं संभले, तो यह संघर्ष बड़े क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है। फिलहाल, पूरी दुनिया की नजर इस संकट पर टिकी हुई है।





