छत्तीसगढ़रायपुर

जल संकट से त्रस्त रायपुर: कांग्रेस का मटका प्रदर्शन, निगम कार्यालय घेरा

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोवा स्थित नगर निगम जोन कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मटका लेकर पहुंचे और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र में पानी की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
दरअसल, मोवा क्षेत्र के अशोका इम्प्रेशन और दुबे कॉलोनी के करीब 84 परिवार गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। यहां पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को पीने तक का पानी मुश्किल से मिल रहा है।
हर साल फरवरी से जुलाई तक बढ़ती परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि, हर साल फरवरी से जुलाई के बीच यह समस्या चरम पर पहुंच जाती है। नल सूख जाते हैं और टंकियों में पानी नहीं पहुंचता, जिससे महीनों तक संकट बना रहता है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को टैंकर और पैकेज्ड पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। इससे परिवारों का बजट बिगड़ रहा है और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
निगम पर लापरवाही का आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि, बार-बार शिकायत के बावजूद निगम प्रशासन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहा है। उन्होंने जल्द पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, नहीं तो आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts