छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में वाहन चोर गिरोह पर वार, बीटेक डिग्रीधारी आरोपी गिरफ्तार

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए एक बीटेक डिग्रीधारी शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो शहर के अलग-अलग इलाकों से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी के कब्जे से चोरी के 13 वाहन बरामद किए गए हैं, जिसकी कुल कीमत करीब साढ़े 5 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी दोपहिया वाहन चोरी मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मॉनिटरिंग में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को अज्ञात आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
विशेष टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर नियमित पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सूचना-संग्रह माध्यमों के जरिए अहम जानकारियां जुटाई गईं। शहर में सबसे ज्यादा वाहन चोरी वाले स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई तेज की गई।
इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, इन दिनों अलग-अलग दोपहिया वाहनों का उपयोग कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों से 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं केस
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 13 दोपहिया वाहन बरामद किए। जांच में पाया गया कि इनमें से 11 वाहनों के संबंध में थाना सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती में अपराध दर्ज हैं।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल वर्मा वर्ष 2023 में भी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
आरोपी का नाम
गिरफ्तार आरोपी का नाम राहुल वर्मा (33 वर्ष) है, जो रायपुर के ग्राम बुडेरा, थाना खरोरा का रहने वाला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts