छत्तीसगढ़रायपुर

रोहित शर्मा से मुलाकात ने बढ़ाया हौसला, श्रीमंत झा को मिला ‘शतक’ का लक्ष्य

रायपुर (विश्व परिवार)। पैरा आर्म रेसलिंग में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतने वाले छत्तीसगढ़ के गौरव श्रीमंत झा की मुलाकात भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से हुई। यह मुलाकात श्रीमंत के लिए बेहद खास और प्रेरणादायक साबित हुई। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेल, मेहनत और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर चर्चा हुई, जिसकी अब खेल जगत में भी काफी चर्चा हो रही है।
मुलाकात के दौरान श्रीमंत ने रोहित शर्मा को बताया कि वह अब तक देश के लिए 64 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुके हैं। यह सुनकर रोहित शर्मा ने मुस्कुराते हुए उनसे कहा, “अब शतक लगाना है।” रोहित की यह बात श्रीमंत के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आई।
श्रीमंत ने कहा कि देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात होती है और अब उनका लक्ष्य भारत के लिए 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतना है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा जैसे महान खिलाड़ी से मिलना और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना किसी भी खिलाड़ी के लिए यादगार पल होता है। यह प्रेरणा उनके खेल जीवन में हमेशा साथ रहेगी।
इस दौरान रोहित शर्मा ने भी श्रीमंत की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और श्रीमंत जैसे खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। रोहित ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच मिलना चाहिए, ताकि यहां की नई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच 10 मई को मुकाबला खेला जाना है। इसी मैच के सिलसिले में मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंची है, जिसमें पांच बार आईपीएल खिताब जिताने वाले रोहित शर्मा भी शामिल हैं।
श्रीमंत और रोहित शर्मा की इस मुलाकात को लेकर प्रदेश के खिलाड़ियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमी इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts